मोहाली , अक्टूबर 19 -- पंजाब के मोहाली पुलिस ने जीरकपुर में एक बिल्डर के घर के बाहर गोलीबारी करने और फिरौती के लिए धमकी देने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अर्श पंडित के संपर्क में थे। आरोपियों के कब्जे से एक बेरेटा 9 एमएम पिस्टल, वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मोबाइल फोन का इस्तेमाल फायरिंग की लाइव वीडियो बनाने के लिए किया गया था।

एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि 14 अक्टूबर 2026 की रात करीब 2:17 बजे स्विफ्ट कार में सवार अज्ञात व्यक्तियों ने बलटाना के वार्ड नंबर 31 निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी राम कुमार के घर के बाहर करीब आठ राउंड फायरिंग की थी। वारदात के बाद पीड़ित को अर्श पंडित की ओर से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर फिरौती के लिए धमकी भरी कॉल की गई थी।

मामले की जांच के लिए सीआईए स्टाफ खरड़ और ऑपरेशन सेल मोहाली की टीमें गठित की गईं। एसपी इन्वेस्टिगेशन सौरव जिंदल, एसपी ऑपरेशन आकाशदीप सिंह और डीएसपी इन्वेस्टिगेशन राजनपरमिंदर सिंह की निगरानी में पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए चार दिन के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी (32), निवासी गांव औजला चक्क, जिला जालंधर; मनराज सिंह उर्फ मन्ना (21), निवासी गांव गूड़े, जिला जालंधर; और राजवीर सिंह (18), निवासी चक्क देशराज, जिला जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था। मनराज सिंह हाल ही में कनाडा से वापस आया था।

पुलिस ने आरोपियों से एक बेरेटा 9 एमएम पिस्टल, वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्विफ्ट कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मोबाइल फोन के जरिए घर के बाहर हुई फायरिंग की लाइव वीडियो बनाई गई थी।

इस मामले में थाना जीरकपुर में एफआईआर नंबर 581, दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 308(2), 351(3) और आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 27, 54 व 59 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के गैंग से संबंधों, वारदात में उनकी भूमिका और अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में आगे की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित