भरतपुर , सितम्बर 10 -- राजस्थान में करौली के कैलादेवी थाना क्षेत्र में करणपुर घाटी के पास श्रद्धालुओं से भरी एक जीप के अनियंत्रित होकर पलट जाने से महिला श्रद्धालु की मौत हो गयी, जबकि आठ लोग घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार काे बताया कि ललिता शर्मा (64) अपने पड़ोसी श्यामदास और गिरधारी लाल शर्मा के साथ कैलादेवी दर्शन के लिए आयी थीं। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु करणपुर वाली माता के दर्शन करके निजी जीप से कैलादेवी की तरफ लौट रहे थे। करणपुर घाटी पार करने के बाद आशाकी बांच टावर के पास ठाकुर बाबा स्थान के नजदीक मोड़ पर जीप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गयी।
पुलिस ने बताया कि इससे जीप में सवार लोग घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कैलादेवी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने ललिता शर्मा को मृत घोषित कर दिया जबकि वृंदावन के कैलाश नगर निवासी मेघा प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में करौली भेजा गया है। अन्य घायलों का उपचार किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित