नयी दिल्ली/निकोबार , मार्च 03 -- ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस) उपकरणों से कार निकोबार द्वीप के मछुआरों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। जीपीएस तकनीक की मदद से मछुआरा समुदाय कुशल और सटीक तरीके से मछली पकडने में सक्षम होने के साथ स्थानीय लोगों के लिए मछली की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित हुयी है।
इस सुविधा से स्थानीय लोगों को ताजे प्रोटीन और महत्वपूर्ण पोषक तत्वों के सेवन में बढ़ोतरी हुयी है। इसके साथ ही टीटॉप गांव के जुनैद और चुचुचा गांव के अब्दुल सत्तार एवं अन्य मछुआरों के बाजारों में अपनी मछली बेचने से उनकी आय में भी वृद्धि हुई है।
निकोबारी समुदायों का जीवन और आजीविका पारंपरिक मछली पकडने पर आधारित है। स्थानीय लोगों को मछली पकडने का अनुभव तो था, लेकिन समुद्र और मौसम की अप्रत्याशित प्रकृति, सटीक नेविगेशन उपकरणों के अभाव के कारण सीमित रही है। अक्सर, मौसम की खराबी के कारण नावें रास्ता भटक जाती हैं, जिससे उत्पादकता का नुकसान होता है और कभी-कभी जान का जोखिम भी बन जाता है।
इस चुनौती से निपटने के लिये केंद्रीय द्वीपीय तकनीकी अनुसंधान संस्थान (सेंट्रल आइलैंड टेक्नोलॉजिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट) ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के एसईईडी प्रभाग कार्यक्रम के तहत स्थानीय समुद्री वातावरण और मछली पकड़ने की पद्धतियों के अनुकूल जीपीएस उपकरण पेश किये।
इसके साथ ही स्थानीय मछुआरों को जीपीएस नेविगेशन और आधुनिक मछली पकड़ने की तकनीकों का भी प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वह जीपीएस उपकरणों का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकें। उनकी जरूरतों और चुनौतियों का आकलन करने के लिए सर्वेक्षण किया गया और जनजातीय परिषद के माध्यम से इस प्रौद्योगिकी को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
जीपीएस प्रौद्योगिकी की शुरूआत ने मछुआरों द्वारा मछली पकड़ने के स्थानों को खोजने के तरीके में क्रांतिकारी बदलाव आया है, जिससे उनके लिए सही स्थानों तक पहुंचना आसान और तेज़ हो गया है। इन उपकरणों की मदद से मछली पकड़ने की उनकी क्षमता में काफी सुधार हुआ है, जिससे उनके परिवारों और व्यापक समुदाय के लिए भरपूर भोजन उपलब्ध हो पा रहा है।
इसके साथ ही कार निकोबार द्वीप पर तटीय मत्स्य पालन सूचना केंद्र स्थापित किया गया है। कार निकोबार के जनजाति मछुआरों को कुल पांच जीपीएस उपकरण प्रदान किए गए और अन्य पांच जीपीएस उपकरण मछुआरों के सामान्य उपयोग के लिए रखे गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित