भोपाल , अक्टूबर 23 -- मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जबलपुर, सागर, नर्मदापुरम और इंदौर संभाग की संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्ययोजना और जिला एवं विधानसभा स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में संगठन महामंत्री संजय कामले, प्रदेश महासचिव गौरव रघुवंशी सहित चारों संभागों के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिला एवं विधानसभा स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और अब तक हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
पटवारी ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिला, विधानसभा और बूथ स्तर तक निरंतर सक्रियता, समर्पित कार्यशैली तथा प्रभावी जनसंपर्क पर जोर दिया। उन्होंने संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप गतिविधियों को गति देने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाने तथा संगठनात्मक जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने पर भी चर्चा हुई। बैठक का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना, कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बढ़ाना और प्रदेश की जनता से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए आगामी रणनीति तैयार करना रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित