भोपाल , जुलाई 15 -- कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' अभियान के तहत मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी की इंदौर-भोपाल साइकिल यात्रा आज बुधवार को दूसरे दिन भोपाल पहुंची। यात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने नीट परीक्षा, भर्ती प्रक्रियाओं, बेरोजगारी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखे राजनीतिक आरोप लगाए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सीहोर में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसे मुद्दे उठाने पर मुख्यमंत्री उन्हें "रद्दी अध्यक्ष" कहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कहकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के मध्यप्रदेश के दौरों पर भी रोक लगवा दी है।

मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्म और सरकारी संस्थानों को आरएसएस के सामने झुका दिया है। उन्होंने कहा कि नीट और सीबीएसई जैसी परीक्षाओं के टेंडर आरएसएस से जुड़े लोगों को दिए गए, जिससे परीक्षाओं में धांधली हुई।

कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि नीट और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों के कारण 21 से अधिक छात्रों ने अपनी जान गंवाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की शिक्षा और विचारधारा से आरएसएस को तकलीफ रही है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और सरकार भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता नहीं बरत रही है। उन्होंने मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए तथा कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आना होगा।

पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है तथा कांग्रेस ही उनके अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जीतू पटवारी का स्वागत किया। सीहोर के कोठरी में माइक की व्यवस्था नहीं होने के कारण पटवारी बिना भाषण दिए आगे बढ़ गए।

वही भोपाल पहुंचने पर रॉयल मार्केट, हमीदिया अस्पताल और अन्य स्थानों पर समर्थकों ने स्वागत किया। यात्रा के चलते इंदौर-भोपाल हाईवे तथा भोपाल शहर के कुछ हिस्सों में यातायात प्रभावित रहा और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनी। एक एंबुलेंस को भी कुछ देर तक बैरिकेडिंग के कारण इंतजार करना पड़ा।

इस बीच, यात्रा में शामिल कई युवाओं से जब साइक्लोथॉन के उद्देश्य और नीट से जुड़े मुद्दों पर सवाल पूछे गए तो अनेक प्रतिभागी स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। कांग्रेस का दावा था कि यात्रा में बड़ी संख्या में साइकिल सवार शामिल होंगे, हालांकि आगे बढ़ने के साथ प्रतिभागियों की संख्या घटती नजर आई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित