कुरुक्षेत्र , मई 31 -- दिल्ली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (जीटी रोड) पर रविवार सुबह हुए एक सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गयी, जबकि उसके पिता घायल हो गये। दोनों दूध आपूर्ति कर वैन से घर लौट रहे थे, तभी उनकी गाड़ी आगे चल रहे ट्रक से टकरा गयी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दूध आपूर्ति वैन ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गयी। हादसे के बाद पिता-पुत्र वाहन के केबिन में ही फंस गये। सूचना मिलते ही पुलिस और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा दरवाजे काटकर दोनों को बाहर निकाला।
घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। पिता को मामूली चोटें आई हैं।
मृतक का नाम करनाल के कलवेहड़ी गांव निवासी प्रिंस (21) है। उसके पिता रामसरूप (53) मिल्क वैन से विभिन्न डेयरी बूथों पर दूध की आपूर्ति करते हैं। शनिवार रात दोनों करनाल से पंचकूला के लिए रवाना हुए थे और दूध आपूर्ति कर रविवार सुबह वापस लौट रहे थे। पूर्वाह्न करीब 9:30 बजे शाहाबाद क्षेत्र में नौ गजा पीर के पास आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने पर उनकी वैन ट्रक से जा टकराई। दुर्घटना के बाद पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित