बुलंदशहर , अक्टूबर 21 -- उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में फर्जी फर्म बनाकर करीब 1.22 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी के मामले में चोला थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी होशियार सिंह और उसके साथी रिंकू कुमार उर्फ टिंकू को गिरफ्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) नरेश कुमार ने बुधवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि उनके नेतृत्व में घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया था। एसआईटी में राज्य कर विभाग के संयुक्त आयुक्त (विशेष अनुसंधान शाखा) शिव आसरे सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम, साइबर क्राइम टीम और चोला थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। दोनों आरोपियों को बुधवार को नंगला बंशी मोड़ से गिरफ्तार किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने होशियार सिंह की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
जांच के अनुसार, आरोपियों ने 'सनशाइन एंटरप्राइजेज' नाम से फर्जी आपूर्तिकर्ता फर्म तैयार कर ककोड़ थाना क्षेत्र के जेवर रोड स्थित 'तनु एंटरप्राइजेज' को फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) पास ऑन करने में सहयोग किया। वर्ष 2025-26 में इस प्रकरण के तहत 1,21,85,878.36 रुपये की राजस्व क्षति होने की बात सामने आई है।
इस संबंध में ककोड़ थाने में मुकदमा अपराध संख्या 471/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 338, 336(3), 340(2), 318(4) और 61(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, इस प्रकरण में फर्जी 'तनु एंटरप्राइजेज' और 'सनशाइन एंटरप्राइजेज' फर्मों के पंजीकरण से जुड़े छह आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इनमें पवन भाटी, विवेक शर्मा, तनु, दीपा रघुवंशी, समर चौधरी और सुरेंद्र शामिल हैं। इन आरोपियों को 23 जनवरी और 27 जुलाई 2026 को जेल भेजा गया था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार होशियार सिंह के खिलाफ अलीगढ़ के क्वार्सी थाने में वर्ष 2016 में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 328, 379, 411, 413 और 414 के तहत भी मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा उसका नाम ककोड़ थाने में दर्ज जीएसटी धोखाधड़ी के मुकदमे में भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता भी जांच के दौरान सामने आई है। साक्ष्यों के आधार पर उनके विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित