सोनीपत , अप्रैल 23 -- हरियाणा के सोनीपत शहर में जीएसटी अधिकारियों का रूप धारण कर एक व्यापारी को ठगने का प्रयास सामने आया है। पीड़ित की सतर्कता के कारण हालांकि आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गये।

जानकारी के अनुसार रथधाना रोड स्थित निराकार सेवा संस्थान से जुड़े नरेंद्र सिंह के भाई विकास अपनी नयी कार से हवाई अड्डे के लिए निकलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान तीन-चार युवक एक कार में आये और उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने खुद को जीएसटी निरीक्षक बताते हुए दस्तावेज मांगे और 30 करोड़ रुपये के कथित घोटाले में संलिप्तता का आरोप लगाकर डराने-धमकाने लगे।

संदेह होने पर विकास ने आरोपियों से पहचान पत्र दिखाने को कहा और उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। यह देखकर आरोपी घबरा गये और तुरंत वहां से फरार हो गये।

घटना के बाद पीड़ित ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग चुके थे।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा अधिकारी बनकर पूछताछ किये जाने पर उसकी पहचान अवश्य जांचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित