बेतिया , अक्टूबर 26 -- बिहार में पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच) के तीसरे तल्ले से गिरकर एक मरीज की मौत हो गयी।पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मृतक की पहचान बैरिया थाना क्षेत्र के तधवनंदपुर वार्ड संख्या आठ निवासी छठू पासवान (37) के रूप में की गयी है। वह शुक्रवार से जीएमसीएच में भर्ती था और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के कारण उसका इलाज चल रहा था। उसे अस्पताल के तीसरे तल्ले पर स्थित आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था।
परिजनों के अनुसार, रविवार की रात छठू पासवान अपने बड़े भाई महातम पासवान और भतीजे सूरज पासवान के साथ वार्ड में था। रात में भोजन के बाद बातचीत के दौरान उसने दोनों को आराम करने के लिए कहा। इसके बाद दोनों सो गये। रात करीब 12 बजे जब परिजनों की नींद खुली तो छठू अपने बिस्तर पर नहीं था। वे उसकी तलाश कर ही रहे थे कि सी ब्लॉक के मुख्य द्वार के सामने किसी के गिरने की तेज आवाज सुनाई दी।ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे तो एक व्यक्ति खून से लथपथ जमीन पर पड़ा मिला। परिजनों ने उसकी पहचान छठू पासवान के रूप में की। तीसरे तल्ले से गिरने के कारण उसकी मौत हो गयी।पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित