हैदराबाद , मई 14 -- जीएमआर समूह की विमान रखरखाव, मरम्मत एवं ओवरहॉलिंग (एमआरओ) सेवा देने वाली कंपनी जीएमआर एयरो टेक्निक ने समुद्री गश्ती एवं टोही विमान पी-8आई बेड़े के लिए फेज-56 हेवी मेंटेनेंस चेक के लिए बोइंग डिफेंस इंडिया के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं।

इस समझौते के तहत जीएमआर एयरो टेक्निक हैदराबाद स्थित जीएमआर एयरोस्पेस पार्क सेज में अपनी अत्याधुनिक एमआरओ सुविधा में बोइंग पी-8आई विमानों पर फेज-56 हेवी मेंटेनेंस चेक करेगा। यहां पी-8आई विमानों का संरचनात्मक उन्नयन, व्यापक निरीक्षण, पेंटिंग और सिस्टम अपग्रेड शामिल किया जायेगा जो पूरी तरह बोइंग और रक्षा विमानन मेंटेनेंस मानकों के अनुरूप होंगे।

जीएमआर एयरो टेक्निक के अध्यक्ष अशोक गोपीनाथ ने कहा, "यह साझेदारी जीएमआर एयरो टेक्निक के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और बोइंग के साथ हमारे लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को और मजबूत करती है।" उन्होंने बताया कि कंपनी पूर्व में बोइंग के यात्री विमानों को मालवाहक विमानों में परिवर्तित करने जैसी सफल परियोजनाओं पर आधारित है।

उन्होंने कहा कि यह समझौता देश को एक वैश्विक रक्षा एमआरओ हब बनाने और जीएमआर एयरो टेक्निक को जटिल सैन्य विमान रखरखाव समाधान प्रदाता के रूप में स्थापित करने के दीर्घकालिक दृष्टिकोण को मजबूत करता है।

बोइंग डिफेंस इंडिया के प्रबंध निदेशक निखिल जोशी ने कहा कि मजबूत रखरखाव साझेदारियों के माध्यम से अपने ग्राहकों की मिशन-तत्परता को समर्थन देना बोइंग की प्राथमिकता है। पी-8आई बेड़े के लिए फेज-56 हेवी मेंटेनेंस चेक पर जीएमआर एयरो टेक्निक के साथ यह सहयोग देश के एमआरओ पारितंत्र को मजबूत करने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित