अमृतसर , अप्रैल 22 -- गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (जीएनडीयू) ने वैश्विक स्तर पर एक और उपलब्धि हासिल करते हुए जापान की होरिबा लिमिटेड से करीब 22 लाख रुपये की अंतरराष्ट्रीय उद्योग-प्रायोजित शोध परियोजना प्राप्त की है।
कुलपति प्रो. करमजीत सिंह ने बुधवार को बताया कि उनके नेतृत्व में शुरू हुई इस परियोजना के तहत पंजाब में त्वरित कीटनाशक पहचान किट की कार्यक्षमता, सटीकता और संवेदनशीलता का परीक्षण प्रयोगशाला और खेत स्तर पर किया जाएगा। यह परियोजना किसानों को फसल बाजार में भेजने से पहले गुणवत्ता जांच की सुविधा देकर खाद्य सुरक्षा को मजबूत करेगी और बेहतर कीमत दिलाने में मददगार साबित होगी।
जैव-प्रौद्योगिकी विभाग में प्रो. प्रताप कुमार पटी और डॉ. नवदीप कौर के मार्गदर्शन में चलने वाली यह पहल जीएनडीयू की अंतरराष्ट्रीय शोध पहचान को और मजबूत करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित