मुंबई , अगस्त 19 -- रेलवे पुलिस ने मुंबई लोकल ट्रेन के महिला डिब्बे में मारपीट की घटना की जांच शुरू कर दी है। रेलवे ने मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस मामले को गंभीरता से लिया और जांच का आदेश दे दिया।

सूत्रों के मुताबिक, यह घटना 18 अगस्त को रात 8.13 बजे अंधेरी से विरार जाने वाली लोकल ट्रेन में घटित हुई थी। यात्रियों ने बताया कि अंधेरी स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या चार से ट्रेन में चढ़ने के तुरंत बाद महिला कोच में दो महिला यात्रियों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गयी। यह बहस जल्द ही मारपीट में बदल गयी। वायरल वीडियो में दोनों महिलाएं एक-दूसरे को धक्का देती और थप्पड़ मारती दिख रही हैं, जबकि दूसरे यात्री उन्हें शांत कराने की कोशिश कर रही हैं। घटना के समय ट्रेन चल रही थी।

पश्चिम रेलवे के प्रवक्ता ने कहा कि यह घटना महिलाओं के लिए खास लोकल ट्रेन में हुई और कहा कि सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी ) ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गयी है। हाल के महीनों में मारपीट और हमले की ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें इस साल की शुरुआत में एक युवक पर जानलेवा हमला भी शामिल है। जीआरपी अधिकारियों ने कहा कि वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित