पौड़ी , जून 19 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर (जीआरआरसी), लैंसडाउन में भव्य योग सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें सैन्य अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देना रहा।

गढ़वाल राइफलस रेजिमेंटल सेंटर में आयोजित प्रातःकालीन सत्र में अधिकारियों एवं जवानों ने अनुशासन और उत्साह के साथ विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान अभ्यास किए। योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उप कमांडेंट कर्नल सिरोही मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त एवं आत्मिक रूप से संतुलित बनाता है। उन्होंने सभी जवानों से योग को दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

सायंकालीन सत्र में जवानों के परिजनों ने भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। इस दौरान महिलाओं एवं बच्चों को योग के महत्व, जीवन में इसकी उपयोगिता तथा नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन जीने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने योग को जीवनशैली में अपनाने, तनावमुक्त जीवन जीने तथा समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया।

लैंसडौन स्थित इस आयोजन ने सैन्य परिवारों के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस एवं मानसिक संतुलन का सकारात्मक संदेश प्रसारित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित