चंडीगढ़ , जुलाई 13 -- हरियाणा के जींद से 17 जुलाई को भारतीय रेलवे के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन-संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच चलेगी तथा पूरी तरह हाइड्रोजन ईंधन से संचालित होगी। इसका उद्देश्य स्वच्छ, टिकाऊ और पर्यावरण अनुकूल रेल परिवहन को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के लिए हरियाणा का चयन राज्य की विकास और नवाचार में अग्रणी भूमिका का प्रमाण है।

श्री सैनी ने इसे हरियाणा के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री अपने जींद दौरे के दौरान राज्य को कई अन्य विकास परियोजनाओं की भी सौगात देंगे।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी। राज्य सरकार हरित ऊर्जा और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत भारत में हरित ऊर्जा आधारित रेल परिवहन को नई दिशा देगी और हरियाणा की पहचान आधुनिक एवं स्वच्छ परिवहन के अग्रणी राज्य के रूप में और मजबूत होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित