जींद , जून 27 -- हरियाणा के जींद राष्ट्रीय राजमार्ग-152डी पर जुलाना के लजवाना कलां गांव के पास शनिवार सुबह सड़क हादसे में करनाल के तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गयी, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गयी। सभी लोग कार से राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार, रास्ते में कार के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार क्षतिग्रस्त हो गयी। इसके बाद सभी श्रद्धालु वाहन से उतरकर स्थिति देख रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में करनाल निवासी धर्मपाल वासन (45) वर्षीय के रूप में हुई है, उनके समधी राजकुमार (50) वर्षीय के रूप में हुई है और धर्मपाल की साली स्वीटी (40) वर्षीय के रूप में हुई है की मौके पर ही मौत हो गयी। नीतू (40) और रीतू (42)गंभीर रूप से घायल हो गयीं। दोनों को पहले जुलाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गयी है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित