जींद , अप्रैल 05 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को जींद विधानसभा क्षेत्र में आयोजित 'धन्यवाद एवं विकास रैली' में विकास कार्यों की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा कि जींद के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण विकास के लिए 5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि देने की घोषणा की। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई परियोजनाएं शुरू करने की बात कही। प्रमुख घोषणाओं में रानी तालाब में 60 करोड़ रुपये की लागत से सभागार और पार्किंग सुविधा का निर्माण शामिल है।
शहर में सड़कों के सुधार पर विशेष ध्यान देते हुए ठंडी हलवाई से रुपिया चौक तक आदर्श सड़क बनाने, कई सड़कों के चौड़ीकरण और नई स्ट्रीट लाइट लगाने की घोषणा की गई। सिविल अस्पताल से पांडू पिंडारा-गोहाना रोड पर डिवाइडर बनाया जाएगा।
इसके अलावा, पुराने बस स्टैंड की जगह सामुदायिक केंद्र, स्मार्ट मार्केट के रूप में पालिका बाजार का विकास और मांस बाजार को शहर से बाहर शिफ्ट करने की योजना भी सामने रखी गई। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए पैरामेडिकल कॉलेज, उप-स्वास्थ्य केंद्र और पशु चिकित्सालय बनाए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित