पटना , अप्रैल 20 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के 'जन आक्रोश महिला सम्मेलन' को संबोधित करते हुए कहा कि जिस देश में शक्ति के अलग रूपों में मां दुर्गा, मां सरस्वती और मां काली की पूजा होती है, वहां की संसद मे विपक्षी दलों ने महिलाओं का अपमान किया, जिसका उनको खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने 2023 में महिलाओं के अधिकार के लिए 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को कानून बनाया था। इस कानून का संशोधित स्वरुप विपक्ष के रोड़े के चलते भले संसद में पास नही हुआ, लेकिन श्री मोदी भविष्य में यह अधिकार महिलाओं को दिला कर ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने पिछले 16 अप्रैल को संसद में तीन संविधान संशोधन विधेयक लाए थे, जिनमें नारी शक्ति वंदन अधिनियम, परिसीमन विधेयक तथा केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी चाहते हैं कि महिलाओं को आरक्षण वर्तमान आबादी के अनुसार मिले। उन्होंने कहा कि बिहार में अभी 29 महिला विधायक हैं, अगर यह बिल पास हो जाता तो बिहार विधानसभा में महिलाओं की संख्या कम से कम 122 हो जाती।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित