कपूरथला , मार्च 06 -- पंजाब में पहली बार डिजिटल तरीके से करवाई जा रही जनगणना के संबंध में शुक्रवार को कपूरथला जिले के सभी चार्ज अधिकारियों और जनगणना स्टाफ का प्रशिक्षण जिला प्रशासनिक परिसर में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त अमित कुमार पांचाल ने जनगणना के कार्य को सुचारू और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के लिए अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनगणना से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जायें। इसके साथ ही, गणकों और सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण, आवश्यक उपकरणों और तकनीकी सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये, ताकि जनगणना प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की कठिनाई न आये। उन्होंने आदेश दिये कि लोगों को जनगणना के महत्व के बारे में जागरूक किया जाये और उनसे अपील की जाये कि वे गणना करने वाले कर्मचारियों के साथ पूरा सहयोग करें और सही जानकारी प्रदान करें।
इस अवसर पर जनगणना विभाग, पंजाब की सहायक निदेशक सुप्रिया और सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड-2 पंकज द्वारा प्रशिक्षण के दौरान जनगणना के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित