जालंधर , मई 02 -- पंजाब में जालंधर के जिला उपायुक्त वरजीत वालिया ने शनिवार को बताया कि कल शाम तक जिले की मंडियों में कुल 4,68,149 टन गेहूं की आमद हुई है।

जिला प्रशासन द्वारा मंडियों में किये गये पुख्ता प्रबंधों के कारण, विभिन्न खरीद एजेंसियों द्वारा अब तक 4,67,198 टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जिले में किसानों से खरीदे गये गेहूं का भुगतान निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जा रहा है, और अब तक 1150 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

गेहूं की लिफ्टिंग प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर देते हुए, उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह लिफ्टिंग के कार्य को और अधिक गति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि फसल की लिफ्टिंग निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली जाये।

श्री वालिया ने कहा कि पंजाब सरकार के निर्देशों के अनुसार, जिला प्रशासन खरीद सीजन को उचित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है। इसी के तहत, खरीद की संपूर्ण प्रक्रिया बिना किसी बाधा के सुचारू तौर से पूरी की जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि गेहूं की कटाई के बाद उसके अवशेषों को बिल्कुल भी न जलाया जाये। उन्होंने कहा कि फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के लिए, सरकार द्वारा सब्सिडी पर उपलब्ध कराई जा रही कृषि मशीनों का अधिकतम उपयोग किया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित