बारां , मई 19 -- राजस्थान में ऑनलाइन दवा आपूर्ति एवं अनियंत्रित ई-फार्मेसी संचालन के विरोध में राजस्थान केमिस्ट एलायंस के संयुक्त आह्वान पर बुधवार को बारां जिले के मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे।
संगठन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि बिना उचित चिकित्सकीय सत्यापन के ऑनलाइन दवाओं की बिक्री, प्रिस्क्रिप्शन का दुरुपयोग, एंटीबायोटिक्स एवं अन्य नियंत्रित दवाओं की अनियंत्रित उपलब्धता और बड़े व्यावसायिक संस्थानों द्वारा अनुचित व्यापारिक प्रतिस्पर्धा से जनस्वास्थ्य एवं स्थानीय व्यापार दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
अध्यक्ष रवि टक्कर एवं सचिव प्रदीप जैन ने बताया कि समय रहते अनियंत्रित ई-फार्मेसी संचालन पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में छोटे व्यापारियों एवं स्थानीय बाजार के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो सकता है। 20 मई को पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे जिले के दवा विक्रेता राजकीय चिकित्सालय के सामने एकत्रित होकर प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित