बैतूल , दिसंबर 10 -- पुलिस ग्राउंड बैतूल में आज बुधवार से दो दिवसीय जिला स्तरीय प्राकृतिक कृषि मेले का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से उत्पादन लागत में कमी आती है, मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ती है और फसलों की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार होता है। उन्होंने किसानों से कृषि वैज्ञानिकों तथा कृषि विभाग के साथ सतत संपर्क में रहकर नई तकनीकों का लाभ उठाने की अपील की।

आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने अपने संबोधन में प्राकृतिक उत्पादों के उपयोग को मानव स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताते हुए किसानों को इस दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने प्राकृतिक कृषि को भविष्य की सुरक्षित खेती करार देते हुए कहा कि बदलते मौसम और बढ़ते लागत मूल्य के दौर में प्राकृतिक खेती ही लाभ का सुनिश्चित रास्ता है।

मेले में महिला किसानों द्वारा जीवामृत तैयार करने का जीवंत प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे अतिथियों और किसानों ने सराहा। उप संचालक कृषि डॉ. आनंद कुमार बडोनिया ने बताया कि मेले में किसानों को प्राकृतिक खेती, उन्नत तकनीक और जलवायु आधारित कृषि मॉडल पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है।

मेले में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, रेशम पालन सहित विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने स्टॉल लगाए गए हैं। साथ ही कई किसान उत्पादक कंपनियों, स्वयंसेवी संगठनों और निजी कृषि संस्थानों ने भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में किसानों की उपस्थिति रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित