कटिहार , अक्टूबर 05 -- बिहार में कटिहार के जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला समन्वय समिति की साप्ताहिक समीक्षा बैठक संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ आयोजित की गई।बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित मामलों, आवेदनों एवं पत्रों के निष्पादन की स्थिति की विभागवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा अनावश्यक रूप से किसी भी मामले को लंबित न रखा जाए।
बैठक में विशेष रूप से सीडब्ल्यूजेसी, एमजेसी एवं नीलाम पत्रवाद से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिये कि इन मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए लंबित पत्रों एवं वादों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।इसके अतिरिक्त एसी/डीसी बिलों के यथाशीघ्र समायोजन करने , सीएम डैशबोर्ड, जिला पदाधिकारी जनता दरबार, आरटीपीएस, सीपीग्राम, पीएमओ पोर्टल, सहयोग पोर्टल तथा विधानसभा सचिवालय से प्राप्त आवेदनों एवं पत्रों की भी समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।
समीक्षा के क्रम में राजस्व, डीआरडीए, पंचायती राज, स्थापना, नजारत, निर्वाचन, विधि शाखा, आपूर्ति, सामान्य शाखा, शिक्षा, स्वास्थ्य, भू-अर्जन एवं सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य शाखाओं एवं विभागों से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित