जींद , अगस्त 24 -- हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सोमवार को जींद में जिला शिकायत समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में कुल 13 शिकायतों पर सुनवाई हुई, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। शेष तीन मामलों में विस्तृत जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

जींद से गुजरने वाले एनएचएआई मार्ग पर निर्धारित मानकों के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराने से संबंधित शिकायत पर मंत्री ने जांच अधिकारी से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में एनएचएआई के अधिकारी की अनुपस्थिति पर गंभीर संज्ञान लेते हुए मामले को लिखित नोटिस के माध्यम से एनएचएआई सचिव के ध्यान में लाने के निर्देश दिए।

बिबीपुर गांव के बीपीएल परिवारों से जुड़े मामले में बताया गया कि वर्ष 2012 में भूखंड आवंटित होने के बावजूद बिजली लाइन के कारण परिवार घर नहीं बना पा रहे हैं। मंत्री ने चार प्रभावित भूखंडों को नजदीकी पंचायत भूमि पर स्थानांतरित करने का प्रस्ताव विकास एवं पंचायत विभाग के निदेशक को भेजने के निर्देश दिए। अतिरिक्त उपायुक्त को मामले की जांच सौंपी गई।

गतौली गांव के स्कूल में जर्जर कक्षाओं, गंदे नाले, पेयजल और सफाई की समस्या पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने नाले से स्कूल को अलग करने के लिए अस्थायी चारदीवारी बनाने, अतिरिक्त पानी की टंकी लगाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चार नए कमरों के निर्माण के लिए बजट प्रस्ताव शिक्षा विभाग के निदेशक को भेजा जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित