बारां , जून 09 -- राजस्थान की बारां जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव हीना परिहार ने मंगलवार को जिला कारागृह का निरीक्षण किया।

श्रीमती परिहार ने जिला कारागृह में निरुद्ध कुल बंदियों से बातचीत करके उनकी दैनिक दिनचर्या, सुविधाओं एवं समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें उनके विधिक अधिकारों के संबंध में अवगत कराया। जिन बंदियों के पास पैरवी के लिए अधिवक्ता उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी। साथ ही बंदियों को प्रतिदिन उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं की भी जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

श्रीमती परिहार ने कारागृह परिसर एवं बैरकों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जेल प्रशासन को निर्देश दिये और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जेलर रूपसिंह और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कनिष्ठ सहायक आशीष कुमार मीणा भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित