पटना , दिसंबर 22 -- जिला युवा उत्सव 2025 में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का एक दल सोमवार को राज्य स्तरीय युवा उत्सव 2025 में भाग लेने के लिये मधुबनी के लिए रवाना हो गया।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सुश्री कीर्ति आलोक ने प्रतिभागियों को प्रेमचन्द रंगशाला, पटना के प्रांगण से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दल प्रबंधक के रूप में संजीव कुमार एवं श्रीमती शबनम ने दल के साथ प्रस्थान किया।
इस अवसर पर सुश्री कीर्ति आलोक ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वे राज्य युवा उत्सव में भी उत्कृष्ट एवं सर्वोत्तम प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित करेंगे। उन्होंने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि इस दल में समूह नृत्य, समूह गान, पेंटिंग, वक्तृता, कहानी लेखन एवं कविता लेखन विधा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त विज्ञान मेला में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी भी इस दल का हिस्सा हैं। सभी प्रतिभागी दिनांक 23 एवं 24 दिसम्बर 2025 को मधुबनी में आयोजित राज्य युवा उत्सव 2025 में भाग लेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित