गोपालगंज,03जुलाई (वार्ता)प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने शुक्रवार को चौराव पंचायत सरकार भवन में आयोजित टीबी स्क्रीनिंग कार्यक्रम का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्क्रीनिंग कार्य की प्रगति, लाभार्थियों के पंजीकरण, जांच की प्रक्रिया तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों से स्क्रीनिंग अभियान की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति की समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित की जाए।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य समय रहते टीबी मरीजों की पहचान कर उन्हें शीघ्र उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि अभियान को पूरी गंभीरता के साथ संचालित करें तथा अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग कर टीबी के प्रति जनजागरूकता भी बढ़ाएं।उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार दो सप्ताह या उससे अधिक समय से खांसी, बुखार, वजन कम होना या अन्य टीबी संबंधी लक्षण दिखाई दें, तो वे बिना किसी संकोच के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। समय पर पहचान और नियमित उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के जिला संचारी रोग नियंत्रण पदाधिकारी अरविंद कुमार,जिला कार्यक्रम प्रबंधक धीरज कुमार,चिकित्सा पदाधिकारी, आशा कार्यकर्ता, एएनएम एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित