हाजीपुर , सितम्बर 23 -- बिहार के वैशाली जिले में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा आम नागरिकों को सौर ऊर्जा के उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में संबंधित विभागों द्वारा पात्र उपभोक्ताओं को योजना के लाभ एवं उपलब्ध वित्तीय सहायता की जानकारी दी जा रही है।
योजना के तहत घरों की छत पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करने पर केंद्र एवं बिहार सरकार की ओर से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। केंद्र सरकार द्वारा 1 किलोवाट क्षमता के सोलर संयंत्र पर 30 हजार रूपए, 2 किलोवाट पर 60 हजार रूपए तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 78 हजार रुपए तक की सब्सिडी दी जा रही है।
इसके अतिरिक्त, बिहार सरकार द्वारा भी राज्य वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है। राज्य सरकार की ओर से 1 किलोवाट पर 10 हजार रुपए, 2 किलोवाट पर 20 हजार रुपए तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के रूफटॉप सोलर सिस्टम पर अधिकतम 20 हजार रुपए तक की सहायता दी जा रही है।
इस प्रकार केंद्र एवं राज्य सरकार की सहायता को मिलाकर पात्र उपभोक्ता को 1 किलोवाट पर कुल 40 हजार रुपए, 2 किलोवाट पर 80 हजार रुपए तथा 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के रूफटॉप सोलर सिस्टम पर अधिकतम 98 हजार रुपए तक की वित्तीय सहायता प्राप्त हो सकती है।
जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे सौर ऊर्जा के इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने घरों की छत पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित कर स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने की दिशा में कदम बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा का उपयोग पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ परिवारों के ऊर्जा व्यय को कम करने की दिशा में भी उपयोगी पहल है।
जिला प्रशासन द्वारा आम लोगों से अपील की गई है कि पात्र नागरिक योजना की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें और उपलब्ध सरकारी सहायता का लाभ उठाएं। अधिक से अधिक परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़कर जिले में हरित ऊर्जा, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित