हाजीपुर, सितंबर 23 -- िहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन में युवाओं को रोजगारोन्मुख कौशल से जोड़ने तथा तकनीकी प्रशिक्षण को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने की दिशा में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), हाजीपुर में प्रशिक्षुओं एवं प्रशिक्षकों के लिए इंडस्ट्री एक्सपर्ट टॉक , अप्रेंटिसशिप एवं करियर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार के मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं शिक्षुता प्रक्षेत्र, पटना के नेतृत्व तथा मेधा लर्निंग फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आईटीआई में प्राप्त तकनीकी प्रशिक्षण को उद्योग की जरूरतों से जोड़ना तथा प्रशिक्षुओं को कार्यस्थल की अपेक्षाओं, रोजगार के लिए आवश्यक कौशल, औद्योगिक कार्यप्रणाली, अप्रेंटिसशिप एवं उपलब्ध करियर अवसरों की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना था।

कार्यक्रम में एवन साइकिल्स इंडस्ट्री, हाजीपुर के संयंत्र प्रमुख जेड. सिद्दीकी ने उद्योग विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षुओं एवं प्रशिक्षकों को संबोधित किया। उन्होंने "आईटीआई प्रशिक्षण और उद्योग के बीच की दूरी को कम करना: कौशल, अवसर एवं कार्यस्थल की तैयारी" विषय पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कंपनी की कार्यप्रणाली, विभिन्न विभागों की भूमिका तथा आईटीआई प्रशिक्षुओं के लिए उपलब्ध तकनीकी कार्य अवसरों से अवगत कराया।

विशेषज्ञ ने कहा कि वर्तमान औद्योगिक परिवेश में तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ उसके व्यावहारिक उपयोग की क्षमता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उद्योगों को ऐसे तकनीकी मानव संसाधन की आवश्यकता है, जो बदलती तकनीकों के अनुरूप स्वयं को लगातार अपडेट करते रहें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित