हाजीपुर , सितम्बर 24 -- ंत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जन्म वर्ष के उपलक्ष्य में बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में वैशाली जिले में जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के मार्गदर्शन एवं निर्देश पर 'समरसता संकल्प अभियान' के तहत आज जिले के सभी 15 प्रखंडों की 47 पंचायतों में संत रविदास विकास शिविर का आयोजन किया गया।जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाए। अभियान का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति के पात्र परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करना है।

शिविर के आयोजन से पूर्व विभिन्न योजनाओं से संबंधित 542 आवेदन प्राप्त हुए थे, जबकि शिविर के दौरान 698 आवेदन प्राप्त किए गए। इस प्रकार कुल 1,240 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 727 आवेदनों का निष्पादन किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं शीघ्र निष्पादन के लिए भेजा गया है।

शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा लाभार्थियों की समस्याओं और आवेदनों का यथासंभव ऑन-द-स्पॉट समाधान किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को संबंधित योजनाओं का लाभ एवं हकदारी उपलब्ध कराई गई। जिला पदाधिकारी के निर्देश के अनुरूप शिविरों में विभागीय समन्वय के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं से जोड़ने की व्यवस्था की गई।

संत रविदास विकास शिविरों के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, औपचारिक शिक्षा, आंगनबाड़ी सेवाएं, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, कौशल विकास, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, ई-श्रम कार्ड, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, वास भूमि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, बुनियादी केंद्र से संबंधित योजनाएं, हर घर नल का जल, मुख्यमंत्री ग्रामीण पक्की नली-गली, मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, विद्युत कनेक्शन, जीविका समूह, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित