गोपालगंज , जुलाई 18 -- बिहार में गोपालगंज के जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में शनिवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं, नामांकन अभियान, आदर्श विद्यालयों की तैयारियों, निजी विद्यालयों की मान्यता, आरटीई, फेसियल रिकॉग्निशन सिस्टम तथा विद्यालय भवन निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले के 14 चयनित माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों को सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन विद्यालयों के उद्घाटन को लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

नामांकन अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक 3,37,809 छात्र-छात्राओं का नामांकन किया जा चुका है। जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिये कि लक्ष्य के अनुरूप शेष नामांकन कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा कराया जाए।

निजी विद्यालयों की मान्यता एवं ई-संबंधन पोर्टल की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों का सत्यापन कर एक सप्ताह के भीतर जिला स्तर पर अनुमोदन के लिए भेजना सुनिश्चित करें। वहीं आरटीई अधिनियम के अंतर्गत निजी विद्यालयों द्वारा इंटेक कैपेसिटी अद्यतन नहीं किए जाने एवं अन्य प्रावधानों के अनुपालन में लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में फेसियल रिकॉग्निशन सिस्टम की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों का शत-प्रतिशत एफआरएस पंजीकरण निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराना सुनिश्चित करें।इसके अलावा उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रगति की समीक्षा की गई तथा संबंधित प्रस्तावों को जिला समन्वय समिति की बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। केजीबीवी विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने एवं आवश्यक आधारभूत संरचना उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित