कटिहार , सितंबर 18 -- बिहार में कटिहार के जिला पदाधिकारीआशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में एवं उप विकास आयुक्त डॉ. नेहा कुमारी की उपस्थिति में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, कटिहार द्वारा कृषि विभाग एवं संबद्ध विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया गया।

बैठक में खरीफ फसल आच्छादन, बाढ़ से प्रभावित फसलों की क्षति, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, डिजिटल क्रॉप सर्वे, किसान रजिस्ट्री, कृषि यंत्रीकरण एवं शिकायत निवारण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

शारदीय (खरीफ) 2026 मौसम में जिले में विभिन्न फसलों के कुल आच्छादन का लक्ष्य 1,00,125.091 हेक्टेयर निर्धारित किया गया था, जिसके विरुद्ध अब तक 97,782.72 हेक्टेयर में फसल आच्छादन कराया गया है।

विशेष रूप से धान फसल में 93,837.70 हेक्टेयर के लक्ष्य के विरुद्ध शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की गई है। धान आच्छादन में हुई इस प्रगति की बैठक में समीक्षा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित