बारां , अगस्त 26 -- राजस्थान में बारां जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सत्यनारायण टेलर ने जिला कारागृह का औचक निरीक्षण किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दौरान उन्होंने बंदियों से संवाद करके उनकी समस्याएं सुनीं और भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया। बंदियों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता सही नहीं होने की शिकायत की। इस पर जिला न्यायाधीश ने कैंटीन की गहन जांच की। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने जेलर को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में आवश्यक सुधार करने और बंदियों को गुणवत्तापूर्ण एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।
बंदियों ने बैरकों में मच्छरों की समस्या से भी अवगत कराया। इस पर जेलर को बैरकों की व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार करने और बारिश के मौसम को देखते हुए जेल परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिये गये।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों को विधिक जानकारी भी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित