बारां , अक्टूबर 29 -- राजस्थान में बारां जिला एवं सत्र न्यायाधीश एसएन टेलर ने बुधवार शाम को जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने कैदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी और जिला जेलर धारासिंह को मौके पर ही अदालतों में नियत तारीख पेशियों पर कैदियों को समय पर वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग (वीसी) से उपस्थित रखने के निर्देश दिये। संवाद के दौरान उन्होंने कैदियों के विरूद्ध विचाराधीन मामलों, लंबित होने की अवधि और अधिवक्ताओं से सम्पर्क के बारे में जानकारी प्राप्त की और उन्हें विचारण की सामान्य प्रक्रिया बाबत जानकारी प्रदान की।
उन्होंने कहा कि कोई कैदी अधिवक्ता नहीं कर पा रहा है तो उसे सरकारी अधिवक्ता उपलब्ध करवाये जाने की सुविधा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध करवाई जाती है। इस दौरान उन्होंने कैदियों को मिलने वाले भोजन, चिकित्सा, मामलों में पैरवी से संबंधित उनकी समस्याओं एवं जरूरतों और मूलभूत सुविधाओं सहित विधिक सहायता के संबंध में भी वार्ता की।
न्यायाधीश टेलर ने भोजनशाला के निरीक्षण के दौरान कैदियों के लिए बनाई जा रही सब्जियों में डाले जाने वाले मसाला उत्पादों के बारे में जानकारी प्राप्त की और जेलर को कैदियों को गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाये जाने के निर्देश दिये।
इस दौरान जेलर ने बताया कि निर्धारित मापदण्डानुसार ही जेल में कैदियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। समय-समय पर चिकित्सक द्वारा कैदियों की जांच करवाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित