नैनीताल/हल्द्वानी , जुलाई 31 -- उत्तराखंड के नैनीताल से जिला निर्वाचन कार्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने की सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को जिला प्रशासन ने पूरी तरह निराधार बताया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिला निर्वाचन अधिकारी का मूल कार्यालय को स्थानांतरित करने की न तो वर्तमान में कोई योजना है और न ही भविष्य में ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी विवेक राय की ओर से शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि चुनाव आयोग द्वारा संचालित मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम तथा आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) कराई जा रही है।

इसके लिए जिला निर्वाचन कार्यालय की कुछ सीमित संख्या में कुर्सियां, मेज, अलमारियां तथा एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी में सुरक्षित रखी निर्वाचन सामग्री को अस्थायी रूप से सरस मार्केट, हल्द्वानी में रखा गया है। इसका कार्यालय के स्थानांतरण से कोई संबंध नहीं है।

इधर नैनीताल विधानसभा की विधायक सरिता आर्या ने भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही भ्रामक सूचनाओं का संज्ञान लेते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय से दूरभाष पर वार्ता कर वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त की गई।

अपर जिलाधिकारी ने विधायक को भी स्पष्ट किया कि जिला निर्वाचन अधिकारी का मूल कार्यालय तल्लीताल, नैनीताल में ही यथावत संचालित हो रहा है और इसके स्थानांतरण की कोई योजना नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित