निवाड़ी , अक्टूबर 30 -- मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिला चिकित्सालय में अब हड्डी एवं जोड़ संबंधी बीमारियों के उपचार के लिए अस्थि रोग विशेषज्ञ की सेवाएं शुरू हो गई हैं। कलेक्टर जमुना भिड़े की पहल और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल झामनानी के प्रयासों से यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. मयंक ने जिला चिकित्सालय में कार्यभार ग्रहण कर मरीजों का उपचार शुरू कर दिया है। सेवा के पहले ही दिन हड्डी टूटने की समस्या से पीड़ित एक बुजुर्ग मरीज का डॉ. मयंक और चिकित्सा टीम ने सफलतापूर्वक प्लास्टर किया।

अस्पताल में विशेषज्ञ की सेवाएं शुरू होने से हड्डियों और जोड़ों से संबंधित समस्याओं से पीड़ित मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार मिल सकेगा। इससे उन्हें इलाज के लिए अन्य जिलों के अस्पतालों में जाने की जरूरत कम होगी और समय व संसाधनों की बचत होगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल झामनानी ने जिले के नागरिकों से हड्डियों और जोड़ों से संबंधित समस्या होने पर जिला चिकित्सालय पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श एवं उपचार लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का प्रयास जिले के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित