चंडीगढ़ , मई 23 -- केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आज पढ़ाई का जमाना है। युवा पीढ़ी के लिए शिक्षा जरूरी है। इसके लिए स्कूली शिक्षा के साथ गांव में ही कोचिंग सेंटर जैसी सुविधा देने के लिए जिला की सभी 395 ग्राम पंचायतों में लाइब्रेरी खुलवाई जाएंगी। इससे युवाओं को नौकरी की तैयारी गांव स्तर पर ही करने की सुविधा मिलेगी।
शुक्रवार को नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र में झंझाड़ी, तखाना, पधाना, सीधपुर, अंजनथली, कमालपुर, जाम्बा, सावंत, हैबतपुर और निगधु गांवों के दौरे पर मनोहर लाल ने आम जनता से सीधा संवाद कर समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार योग्यता के आधार पर पढ़े-लिखे युवाओं को सरकारी नौकरी दे रही है। इसी सोच से कोचिंग सेंटरों में भीड़ है। ग्रामीण युवाओं को गांव में ही कोचिंग जैसी सुविधाएं देने के लिए लाइब्रेरी खोलने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि गांवों में शमशान घाट की चारदीवारी व शेड, पक्के रास्ते और पेयजल व्यवस्था भी प्राथमिकता रहेगी।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 'म्हारा गांव-जगमग गांव' के तहत 24 घंटे बिजली मिल रही है। पहले बिजली संकट था और लोग जाम लगाते थे। 21 मई को देश में 270.80 गीगा वाट बिजली की निर्बाध आपूर्ति की गई। आज देश में 283 गीगावाट उपलब्धता है। आने वाले समय में 300 गीगावाट क्षमता के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित