जालौन , सितंबर 4 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में शुक्रवार को जिला कारागार उरई में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धार्मिक उल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। जेल अधीक्षक प्रशांत मौर्य ने बताया कि पर्व के अवसर पर कारागार की समस्त बैरकों एवं सर्किल में आकर्षक झांकियां सजाई गईं। इस दौरान बंदियों ने भजन-कीर्तन कर भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की।

जेल अधीक्षक के अनुसार, जन्माष्टमी के अवसर पर कारागार में निरुद्ध करीब 166 बंदियों ने उपवास रखा। उपवास रखने वाले बंदियों को जेल मैनुअल में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार विशेष भोजन सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसमें दूध, चीनी, केला, आलू सहित अन्य निर्धारित खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। इसके साथ ही कारागार में निरुद्ध सभी बंदियों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई।

जन्माष्टमी के दौरान कारागार परिसर में भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। बंदियों ने धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को उत्साहपूर्वक मनाया।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक प्रशांत मौर्य, कारागार चिकित्साधिकारी राहुल वर्मन, प्रभारी कारापाल अमर सिंह, उप कारापाल सुखवती देवी, वरिष्ठ लिपिक रविशंकर यादव समेत कारागार का अन्य स्टाफ मौजूद रहा। अधिकारियों ने पर्व के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित