बैतूल , जून 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर तत्काल सुधार कार्य कराने के निर्देश सोमवार को दिये।
उन्होंने पुलिस और संबंधित सड़क निर्माण विभागों को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर ने दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक साइनेज, रंबल स्ट्रिप्स और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं प्राथमिकता के आधार पर स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पिछले वर्षों में हुई गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थानों के लिए विशेष सुरक्षा कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में कलेक्टर ने बैतूल शहर के लिए प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम को उपयुक्त भूमि का चयन करने के लिए कहा। कलेक्टर ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर विकसित होने से भारी वाहनों की शहर के भीतर आवाजाही कम होगी, जिससे यातायात दबाव घटेगा और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आएगी। साथ ही ट्रकों और मालवाहक वाहनों के लिए पृथक पार्किंग एवं संचालन व्यवस्था विकसित की जा सकेगी।
वन विभाग की जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक में वन भूमि पर अतिक्रमण के मामलों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने मोहदा, सांवलीगढ़ और गवासेन सहित अन्य क्षेत्रों में अतिक्रमण के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन व्यवस्थापन से जुड़े प्रकरणों में धारा-5 से धारा-19 तक की सभी कानूनी प्रक्रियाएं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने पर बल दिया।
बैठक में चिन्हित जघन्य अपराधों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों और पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में वन एवं राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित