श्रीगंगानगर , सितम्बर 15 -- राजस्थान में इंदिरा गांधी नहर परियोजना (आईजीएनपी) की अनूपगढ़ शाखा से जुड़े किसानों की सिंचाई एवं फसल खराबे से संबंधित समस्याओं को लेकर जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को किसानों के प्रतिनिधिमंडल के साथ दो दौर में वार्ता की गई।
अनूपगढ़ एडीएम कार्यालय में आयोजित वार्ता में जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव एवं पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वार्ता के दौरान किसानों ने मुख्य रूप से खरीफ फसलों में सिंचाई पानी की कमी, फसल खराबे, विशेष गिरदावरी, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत दावे भुगतान और आगामी सिंचाई नियम से संबंधित मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।
डा यादव ने किसानों को बताया कि फसल खराबे की वास्तविक स्थिति का आकलन करके किसानों को नियमानुसार राहत एवं बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। घड़साना क्षेत्र में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत निर्धारित 100 स्थानों में से 91 स्थानों पर मूंग की फसल की कटाई पूरी की जा चुकी है। शेष नौ स्थानों पर कटाई का कार्य आगामी दो-तीन दिनों में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित