भिण्ड , मई 10 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिला अस्पताल की स्पेशल न्यू बॉर्न केयर यूनिट वार्ड में छत का प्लास्टर गिरने से एक नवजात शिशु सहित तीन महिलाएं घायल हो गईं। सभी घायलों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार दोपहर वार्ड में माताएं अपने नवजात बच्चों को दूध पिला रही थीं, तभी अचानक तेज आवाज के साथ छत का प्लास्टर भरभराकर गिर पड़ा। मलबा बेड के पास गिरने से वार्ड में अफरा-तफरी मच गई और महिलाएं बच्चों को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं।

घटना के तुरंत बाद अस्पताल स्टाफ मौके पर पहुंचा और घायलों को बाहर निकालकर ट्रॉमा सेंटर भेजा। चिकित्सकों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। एहतियात के तौर पर वार्ड में भर्ती अन्य सभी नवजात बच्चों को दूसरे सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया।

हादसे के बाद मरीजों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जिला अस्पताल की इमारत काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी है तथा पहले भी छत से प्लास्टर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन मरम्मत के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए। अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच कराने और क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित