भिण्ड , सितंबर 15 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचने से पहले ही एक गर्भवती महिला ने अस्पताल के मुख्य गेट से करीब 20 कदम पहले सड़क पर बच्ची को जन्म दे दिया। अचानक हुए प्रसव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान ड्यूटी पर जा रही महिला कर्मचारी बिट्टी देवी की नजर प्रसूता पर पड़ी और उन्होंने तत्काल महिला तथा नवजात को संभालकर डिलीवरी रूम पहुंचाया। जांच के बाद चिकित्सकों ने जच्चा-बच्चा दोनों को स्वस्थ बताया।

जानकारी के अनुसार फूप थाना क्षेत्र के सकराया निवासी 30 वर्षीय सोनम शाक्य अपनी सास सुनीता शाक्य के साथ भिण्ड आई थी। सोनम को गुलाब नर्सिंग होम में अल्ट्रासाउंड कराना था। नंबर लगने के बाद वह जांच के लिए इंतजार कर रही थी। इसी दौरान उसे अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। हालत बिगड़ने पर उसकी सास उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन मुख्य गेट से करीब 20 कदम पहले ही प्रसव पीड़ा बढ़ने पर सोनम ने सड़क पर बच्ची को जन्म दे दिया।

अचानक हुए प्रसव को देखकर आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए। इसी बीच ड्यूटी पर जा रही महिला कर्मचारी बिट्टी देवी वहां पहुंचीं। उन्होंने महिला और नवजात को संभाला तथा तत्काल दोनों को अस्पताल के डिलीवरी रूम में पहुंचाया।

परिजनों के अनुसार सोनम की यह तीसरी संतान है। उसके पहले चार वर्षीय बेटा सरस और तीन वर्षीय बेटी प्रियांशी हैं। तीसरी संतान के रूप में बेटी के जन्म के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी के बाद जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ बताए गए हैं।

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आरके मिश्रा ने बताया कि महिला को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर आ रहे थे। अस्पताल के गेट से कुछ दूरी पर ही प्रसव हो गया। ड्यूटी पर जा रही कर्मचारी ने महिला और नवजात को तत्काल डिलीवरी रूम पहुंचाया। जांच के बाद दोनों स्वस्थ हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित