जालौन , सितंबर 18 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में जिलाधिकारी समीर ने शुक्रवार को सभागार में बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों पर हुए गड्ढों और उनके मरम्मत कार्यों की समीक्षा की।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंताओं ने अपने-अपने खंडों की गड्ढामुक्ति कार्ययोजना प्रस्तुत की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चिन्हित मार्गों पर मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने तथा गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रांतीय खंड उरई के 47 मार्गों की 189.26 किलोमीटर, निर्माण खंड-1 उरई के 39 मार्गों की 150 किलोमीटर तथा निर्माण खंड-3 उरई के 73 मार्गों की 213.96 किलोमीटर सड़क को गड्ढामुक्त किया जाना प्रस्तावित है। इस तरह कुल 159 मार्गों की 553.220 किलोमीटर लंबाई में मरम्मत कार्य कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि बारिश से क्षतिग्रस्त मार्गों को सुगम और सुरक्षित बनाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य शीघ्र शुरू कराने और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ निर्धारित समयसीमा का भी पालन करने को कहा गया।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित कार्यों के लिए अनुबंध गठित किए जा चुके हैं और सोमवार से गड्ढामुक्ति अभियान शुरू कर दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित