हरिद्वार, अगस्त, 29 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने और आमजन के सुगम आवागमन को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मोर्चा संभाल लिया है।

जिलाधिकारी ने शनिवार को संबंधित अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भारी वर्षा और कांवड़ यात्रा के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गड्ढों की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को त्वरित गति से मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए क्षतिग्रस्त हिस्सों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को सड़क की नियमित निगरानी करने और जहां भी गड्ढे अथवा सड़क क्षतिग्रस्त मिले, वहां तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे विभिन्न फ्लाईओवर निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं एवं अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के साथ ही सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान आमजन की सुविधा और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए।

श्री मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क और निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनपद में बेहतर सड़क व्यवस्था उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए धरातल पर लगातार निगरानी एवं कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित