जौनपुर , जुलाई 19 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर में भू-जल सप्ताह-2026 के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने सभी विभागों को भू-जल संरक्षण और जल स्तर बढ़ाने की दिशा में प्रभावी एवं वैज्ञानिक कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम "जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प" को जन-जन तक पहुंचाया जाए।
जिलाधिकारी ने विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों और सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, तालाबों के संरक्षण, अमृत सरोवरों के सुदृढ़ीकरण तथा रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी नए सरकारी भवनों में वर्षा जल संचयन प्रणाली अनिवार्य रूप से स्थापित कराने और पहले से लगे सिस्टम की तकनीकी जांच कर उन्हें पूरी तरह क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में क्रिटिकल एवं सेमी-क्रिटिकल विकास खंडों में भू-जल स्तर सुधारने के लिए वैज्ञानिक कार्ययोजना तैयार करने, नगर क्षेत्रों के पार्कों में स्प्रिंकलर सिंचाई और उपचारित जल के उपयोग को बढ़ावा देने तथा औद्योगिक इकाइयों में जल पुनर्चक्रण और रेन वाटर हार्वेस्टिंग लागू कराने पर भी चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने अधिकाधिक पौधरोपण और जनसहभागिता को भू-जल संरक्षण का प्रभावी माध्यम बताते हुए सभी विभागों से इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से वर्षा जल संचयन अपनाने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और पानी की बर्बादी रोकने की अपील की।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), जिला विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित