बेतिया , जुलाई 27 -- पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने सोमवार को जिले में डेंगू की रोकथाम के लिए व्यापक अभियान चलाने तथा पूर्व में प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी श्री सिंह ने आज नगर निगम एवं सभी नगर निकायों को नियमित फॉगिंग कराने और लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए प्रभावी जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा।
श्री सिंह ने समाहरणालय सभागार में आज आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन पर जोर देते हुए लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने तथा उनकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जीवन प्रमाणीकरण अभियान की समीक्षा के दौरान निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित कराने को कहा। साथ ही स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां समय-सीमा के भीतर पूरी करने तथा नीलाम पत्र वादों के लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने के लिए बैंकों से बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित