कटिहार , अक्टूबर 24 -- कटिहार के जिलाधिकारी ,(डीएम) आशुतोष द्विवेदी ने जिले में खनन राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिए हैं।

डीएम की अध्यक्षता में शनिवार को जिलास्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। इस बैठक में खनन राजस्व की वसूली, सरकारी निर्माण कार्यों से संबंधित खनन स्वामित्व शुल्क जमा कराने तथा अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई।

श्री द्विवेदी ने इस दौरान कार्य विभागों द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप खनन मद में राशि जमा नहीं कराए जाने पर संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में राजस्व संग्रहण के लिए विभाग स्तर से 5,476.22 लाख रुपये का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध 23 अक्टूबर 2026 तक 1,064.38 लाख रुपये की वसूली की गई है।

उन्होंने बताया कि जिले में विभिन्न कार्य विभागों के माध्यम से कराए जा रहे निर्माण कार्यों के लिए चालू वित्तीय वर्ष में 3,982.21 लाख रुपये का लक्ष्य निर्धारित है। इसके विरुद्ध 23 अक्टूबर तक खनन मद में 831.51 लाख रुपये जमा कराए गए हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 21 प्रतिशत है।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिए कि खनन मद में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बकाया स्वामित्व शुल्क की राशि जमा कराना सुनिश्चित करें। साथ ही, जमा की गई राशि से संबंधित प्रतिवेदन जिला खनन पदाधिकारी को उपलब्ध कराएं, जिससे राजस्व संग्रहण की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा सके।

बैठक में अवैध खनन, परिवहन और खनिजों के अवैध भंडारण के विरुद्ध की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि 23 अक्टूबर तक जिले में 410 छापेमारी की गई है। इस दौरान छह प्राथमिकी दर्ज की गईं और 101 वाहनों को जब्त किया गया। इन कार्रवाइयों के तहत दंड मद में विभाग द्वारा निर्धारित 353.02 लाख रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 152.02 लाख रुपये की वसूली की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित