जौनपुर , मई 30 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने शनिवार को जिला कारागार का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी की मौजूदगी में बैरकों की सघन तलाशी ली गई। तलाशी अभियान में कोई भी आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बंदियों से संवाद कर उनका हालचाल जाना और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जेल अस्पताल का भी निरीक्षण किया तथा वहां भर्ती बंदियों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। बंदियों ने बताया कि उन्हें समय पर दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और उपचार भी संतोषजनक ढंग से किया जा रहा है।

इसके बाद जिलाधिकारी ने जेल की पाकशाला का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की गंभीर समस्या सामने नहीं आई। जिलाधिकारी ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए तथा बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित