हरिद्वार , जुलाई 18 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को मां चंडी देवी मंदिर परिसर और मंदिर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, पैदल मार्ग, सीढ़ियों तथा प्रवेश और निकास मार्गों में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे मेले के दौरान स्वच्छता व्यवस्था निरंतर बनी रहे और कूड़े का समय पर निस्तारण किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।
उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए मंदिर परिसर और मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी बैरिकेडिंग और बेहतर भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता की जांच कर उन्हें पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा।
उन्होंने मंदिर परिसर और मार्ग पर किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी भी तरह की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित विभागों को अतिक्रमण हटाने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने को कहा। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित