जालौन , अप्रैल 4 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शनिवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से पहाड़े सुनकर उनकी शैक्षणिक प्रगति का भी आकलन किया और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान छात्राओं ने पुस्तकें और अतिरिक्त कॉपियां उपलब्ध कराने, विद्यालय के सामने मैदान के समतलीकरण तथा बाउंड्री वॉल ऊंची कराने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने इन मांगों को प्राथमिकता पर पूरा कराने का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने भोजन व्यवस्था का भी जायजा लिया, जिस पर छात्राओं ने मेन्यू के अनुसार समय से भोजन मिलने की पुष्टि की। उन्होंने छात्राओं को किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल वार्डन को देने की सलाह दी। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि शिक्षा, सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे तथा विद्यालय को आदर्श संस्थान के रूप में विकसित किया जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह एवं वार्डन उपस्थित रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित