वाराणसी , सितंबर 29 -- जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने मंगलवार को सदर ईवीएम वेयरहाउस का आंतरिक त्रैमासिक निरीक्षण कर निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था तथा वेयरहाउस की अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से ईवीएम/वीवीपैट के रख-रखाव एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों एवं प्रोटोकॉल का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। वेयरहाउस में प्रवेश-निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, सुरक्षा व्यवस्था तथा अभिलेखों के रख-रखाव की भी जांच की गई।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें और आवश्यक अभिलेखों को अद्यतन रखें। वेयरहाउस की साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान भाजपा, कांग्रेस, बसपा, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी एवं अपना दल के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित